वीबी-जी रामजी योजना गांवों को बनाएगी समृद्ध: दिलीप,125 दिन का रोजगार, 15 दिन में मजदूरी, जनकल्याण का सशक्त मॉडल…

वीबी-जी रामजी योजना गांवों को बनाएगी समृद्ध: दिलीप,125 दिन का रोजगार, 15 दिन में मजदूरी, जनकल्याण का सशक्त मॉडल…
सीधी पोल खोल पोस्ट
प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच से शुरू की गई, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण यानी वीबी-जी रामजी योजना वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाली ऐतिहासिक योजना है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाकर गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य करेगी। यह विचार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की।
प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को न्यूनतम 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई है। मजदूरी का भुगतान 15 दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। यदि मांग के बाद भी रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी रखा गया है। यह योजना ग्रामीण मजदूरों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासनकाल में इस योजना का बजट मात्र 35 हजार करोड़ रुपये था, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले बढ़ाकर 74 हजार करोड़ किया और अब सुधारों के साथ इसे 95 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है।
मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया गया है। 15 विभागों की संयुक्त कार्ययोजना के माध्यम से कृषि को उद्योग और रोजगार से जोड़ा जाएगा। कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन और लघु-कुटीर उद्योगों को वीबी-जी रामजी योजना से जोडक़र किसानों की आय बढ़ाई जाएगी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना एक जन कल्याणकारी और दूरदर्शी योजना है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस योजना के लाभ जन-जन तक पहुंचाएं। पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य इंद्र शरण सिंह चौहान, केके तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, योजना टोली संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष शिवदान साकेत, कपूरचंद साहू, सूर्य प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र मणि दुबे, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजमणि साहू, भानु पाण्डेय, सोशल मीडिया जिला संयोजक जितेन्द्र तिवारी आदि उपस्थित रहे।













