बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

दमोह-सागर मार्ग पर 45 यात्रियों से भरी बस पलटी, 8 घायल

चार वर्षीय बच्ची सहित 4 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कर कराया जा रहा उपचार, हादसे के बाद चालक और परिचालक फरार

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह-सागर मार्ग पर मंगलवार देर रात सिहोरा गांव के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे में 8 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार वर्षीय बच्ची सहित 4 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 15 पीए 5577 मंगलवार रात करीब 10 बजे दमोह बस स्टैंड से सागर की ओर रवाना हुई थी। सिहोरा गांव के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर बाईं ओर पलट गई। हादसे के समय बस कटनी से इंदौर जा रही थी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में सहयोग किया।

मजदूरी के लिए इंदौर जा रहे थे यात्री

घायल रेखा बाई और विकास सिंह ठाकुर ने बताया कि वे पन्ना जिले के रेपुरा से बस में सवार हुए थे और मजदूरी करने के लिए इंदौर जा रहे थे। दमोह बस स्टैंड से बस रवाना होने के कुछ देर बाद ही हादसा हो गया। हालांकि, बस किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

चार वर्षीय बच्ची सहित 4 अस्पताल में भर्ती

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 8 यात्रियों को चोटें आईं। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ड्यूटी डॉक्टर मनीष संगतानी के अनुसार, चार वर्षीय बच्ची सहित 4 लोगों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। घायलों की स्थिति ठीक बताई गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, सीएसपी एच.आर. पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम संजय दुबे ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया इंदौर

हादसे के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से इंदौर रवाना किया गया। पुलिस के मुताबिक, बस चालक और परिचालक घटनास्थल से फरार हो गए हैं। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button