देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गोवर्धन पूजा पर पीएम मोदी ने साझा कीं गायों और बछड़ों के साथ तस्वीरें, सबके लिए मांगी सुख-समृद्धि

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर गायों और बछड़ों के साथ अपनी 3 तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में वे गायों को अपने हाथों से हरी घास खिलाते और स्नेहपूर्वक दुलारते नजर आ रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों के लिए शांति, खुशी और समृद्धि की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर सभी को शांति, खुशी और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।” उनकी इन तस्वीरों में गोवंश के प्रति स्नेह और सेवा का भाव दिखाई दे रहा है।

सनातन परंपरा में गोवर्धन पूजा के दिन गायों और बछड़ों की पूजा तथा सेवा का विशेष महत्व माना जाता है। यह पर्व दीपावली के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाता है। इसे प्रकृति, पशुधन और कृषि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी माना जाता है।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को मूसलाधार बारिश से बचाने के लिए अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाया था। मान्यता है कि इसी घटना की स्मृति में गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई। इस प्रसंग में श्रीकृष्ण ने लोगों को प्रकृति और गोवर्धन पर्वत के महत्व का संदेश दिया था।

गोवर्धन पूजा हमें भोजन, जल, उपजाऊ भूमि, जंगल और पशुधन के महत्व को समझने की प्रेरणा देती है। इस दिन गोमाता और बैलों की पूजा-सेवा कर लोग खेती और प्रकृति के प्रति सम्मान तथा कृतज्ञता प्रकट करते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button