बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से मां-बेटे और मासूम बच्ची की मौत, 5 घायल

बरहपान गांव के जलहथनी टोला में रात को सोते समय हुआ हादसा, करीब 50 साल पुराना था मकान; मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता के दिए निर्देश

सिंगरौली। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में कच्चा मकान ढहने से मां, बेटे और 2 साल की मासूम बच्ची की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में परिवार के 5 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रात करीब 1 बजे तक सभी शवों और घायलों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया।

हादसे में अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और उनकी 2 साल की बेटी की जान चली गई। घायलों को उपचार के लिए बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

दीवार में पहले से थी दरार, गिरने की आवाज भी आई

घायल बेलामती ने बताया कि परिवार रात में मकान के अंदर सो रहा था। घर की एक दीवार पहले से फटी हुई थी और उसमें से आवाजें भी आ रही थीं। परिवार को मकान गिरने की आशंका हुई, लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, पूरा मकान ढह गया। बेलामती अपने 4 बच्चों के साथ मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। उनके पति भी मलबे में दबे अन्य लोगों को बचाने पहुंचे थे, लेकिन खुद बाहर नहीं निकल सके।

करीब 50 साल पुराना था मकान

हादसे का शिकार हुआ कच्चा खपरैल मकान करीब 50 साल पुराना बताया गया है। समय के साथ इसमें अतिरिक्त कच्चा निर्माण भी कराया गया था। मकान में दोहरी छत थी। पहले मिट्टी की छत बनाई गई थी, जिसके ऊपर बाद में दोबारा कच्चा निर्माण किया गया था। मकान ढहने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Author

Related Articles

Back to top button