शहडोल में पुलिस वाहन देख तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की डूबने से मौत; अस्पताल में आधी रात तक भारी हंगामा, 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित

शहडोल:मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार शाम एक सनसनीखेज और दर्दनाक हादसा सामने आया है। चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में पुलिस का गश्ती वाहन देखकर चार युवक कथित तौर पर पानी में कूद गए, जिनमें से तीन की डूबने से मौत हो गई। एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों की गैर-मौजूदगी और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर रात 3 बजे तक जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया।
तालाब में तलाशी के बाद निकाले गए 3 शव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना शाम लगभग 7:30 से 7:45 बजे के आसपास की है। सूचना मिलने पर सोहागपुर व कोतवाली पुलिस के साथ एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे के गहन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तालाब से तीन शव बाहर निकाले गए। मृतकों की शिनाख्त घरौला मोहल्ला (कांग्रेस भवन के पीछे स्थित वंशकार मोहल्ला) निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। वहीं बाहर निकले चौथे युवक पुष्पेंद्र उर्फ पंकज को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का आरोप- पुलिस के डर से कूदे, बचाने की नहीं हुई कोशिश
मृतकों के परिजनों का सीधा आरोप है कि पुलिस की गश्ती गाड़ी को देखकर युवक घबरा गए और बचने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवकों को समय रहते बचाने का प्रयास नहीं किया। हालांकि पुलिस ने अभी तक युवकों के तालाब में कूदने के कारणों पर कोई अंतिम बयान नहीं दिया है। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन मौतों की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच की बात कही है।
एंबुलेंस की देरी और डॉक्टरों की गैरहाजिरी पर फूटा गुस्सा
युवकों को जिला अस्पताल लाए जाने पर वहां कथित रूप से डॉक्टरों की गैर-मौजूदगी और समय पर एंबुलेंस न मिलने से आक्रोश फैल गया। रात 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी भी अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। रात 11:30 बजे स्थिति बिगड़ने पर एडीएम सरोधन सिंह, सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद देर रात 3 बजे मामला शांत हुआ।
कलेक्टर ने बनाई 3 सदस्यीय जांच कमेटी, आर्थिक मदद का ऐलान
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। इस समिति में:
एडीएम सरोधन सिंह (प्रशासन)
एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान (पुलिस विभाग)
सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ (स्वास्थ्य विभाग)
को शामिल किया गया है। यह समिति युवकों के तालाब में कूदने, रेस्क्यू ऑपरेशन, एंबुलेंस मिलने में हुई देरी और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में लापरवाही के सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। इसके अलावा, कलेक्टर ने मृतकों के आश्रित परिवारों को 25-25 हजार रुपये (कुल 75 हजार रुपये) की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मंगलवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।













