प्रदूषण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा, बोले- झूठे आंकड़ों से तकलीफ छिपाने की कोशिश
दिल्ली-एनसीआर की जहरीली हवा को लेकर सरकार पर साधा निशाना, बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों की परेशानी का किया जिक्र

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सरकार प्रदूषण के वास्तविक हालात को आंकड़ों के जरिए छिपाने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदूषण से लोगों को हो रही असहनीय परेशानी को झूठे आंकड़ों की आड़ में ढका नहीं जा सकता।
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में कहा कि दिल्ली में बैठी भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की तकलीफ को छिपाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के स्तर की वास्तविक स्थिति उन बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों से पूछी जानी चाहिए, जो सांस लेने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने लिखा, “भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।”
दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता चिंताजनक
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण का असर जनजीवन पर दिखाई दे रहा है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के आसपास पहुंचने से हवा की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। जहरीली धुंध के कारण कुछ स्थानों पर दृश्यता भी प्रभावित हुई है। इसका असर सड़क यातायात के साथ रेल और हवाई सेवाओं पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए बढ़ाई गई निगरानी
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली की सीमाओं पर वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ाई गई है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू होने के बाद यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीमें अभियान चला रही हैं। इस दौरान प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अखिलेश यादव के बयान ने प्रदूषण नियंत्रण के सरकारी दावों और दिल्ली-एनसीआर में आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर राजनीतिक बहस को फिर तेज कर दिया है।













