घर के पीछे खेत में लहलहा रही थी गांजे की फसल, माड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दो हरे पौधों से 12 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद, करीब एक लाख रुपये आंकी गई कीमत

सिंगरौली/ जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माड़ा पुलिस ने गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने घर के पीछे खेत में गांजे के पौधे उगाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मौके से गांजे के दो हरे पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 12 किलो 450 ग्राम बताया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन एवं थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में माड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुढ़ी निवासी रहीमान सिंह गोंड (36 वर्ष) अपने घर के पीछे खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को गांजे के पौधे उगाते हुए पकड़ा।
पुलिस ने मौके से गांजे के दो हरे पौधे जब्त किए। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
माड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खेती और कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।











