जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अर्पित किया अर्घ्य
अमलोरी छठ घाट पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

सिंगरौली। जिलेभर में लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न छठ घाटों पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी और उदयाचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर पूजा-अर्चना के साथ जगह-जगह आयोजित जगराता, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सिंगरौली पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन के बीच सभी आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सिंगरौली अमित कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार, एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी और एसडीओपी चितरंगी ललित बैरागी के पर्यवेक्षण में थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी की।

प्रमुख छठ घाटों, पूजा स्थलों, जगराता कार्यक्रमों और आवागमन मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, वाहन पार्किंग, प्रवेश और निकासी मार्गों की व्यवस्था की गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। आयोजन समितियों और संबंधित विभागों के समन्वय से व्यवस्थाओं का संचालन किया गया।
अमलोरी घाट पहुंचे एसपी, पुलिसकर्मियों का बढ़ाया मनोबल
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. स्वयं अमलोरी छठ घाट पहुंचे और सुरक्षा प्रबंधों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। साथ ही जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
एसपी ने छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए जिलेवासियों का आभार जताया। उन्होंने श्रद्धालुओं के अनुशासन, आयोजन समितियों के सहयोग, प्रशासनिक समन्वय और पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने जिले में आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और सहयोग की परंपरा बनाए रखने की अपील भी की।
जनप्रतिनिधियों ने भी घाटों का किया निरीक्षण
छठ महापर्व के अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, चितरंगी विधायक एवं राज्यमंत्री राधा सिंह, महापौर रानी अग्रवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह और किसान कांग्रेस अध्यक्ष मनोज दुबे ने भी विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।













