बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बिजली बिल बकाया होने पर बैगा परिवार का कनेक्शन काटा, अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर

केबल भी उखाड़ ले जाने का आरोप, चितरंगी के गिर छादां मोहल्ले के विनोद बैगा ने लगाई गुहार

सिंगरौली। आर्थिक तंगी के चलते 2 से 4 महीने का बिजली बिल जमा नहीं कर पाने पर एक गरीब बैगा आदिवासी परिवार को अंधेरे में रहने की नौबत आ गई है। मामला चितरंगी के मोहल्ला गिर छादां का है, जहां रहने वाले विनोद बैगा ने विद्युत विभाग के लाइनमैन पर बिजली कनेक्शन काटने के साथ घर का केबल भी उखाड़कर ले जाने का आरोप लगाया है।

विनोद बैगा के मुताबिक, वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पिछले कुछ महीनों से घर चलाना भी मुश्किल हो रहा था। इसी वजह से वह 2 से 4 महीने का बिजली बिल जमा नहीं कर पाया।
पीड़ित का आरोप है कि उसने लाइनमैन मोनू सिंह को अपनी आर्थिक परेशानी बताई, लेकिन इसके बावजूद उसके घर की बिजली काट दी गई। विनोद का कहना है कि लाइनमैन ने दो बार कनेक्शन काटकर केबल भी अपने साथ ले गया। समस्या को लेकर वह कई बार गुहार लगा चुका है, लेकिन अब तक उसकी सुनवाई नहीं हुई।

परिवार के सामने रात में रोशनी की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित के अनुसार, अंधेरे में आग जलाकर किसी तरह रात गुजारनी पड़ रही है। इस घटना ने विद्युत विभाग की कार्रवाई और गरीब उपभोक्ताओं के प्रति उसके रवैये पर सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि, इस मामले में विद्युत विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी शिकायत की जांच कर परिवार की समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button