बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अमेलिया कोल माइनिंग में रक्तदान शिविर, 101 यूनिट रक्त संग्रहित

155 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित

सिंगरौली। सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता के तहत आदित्य बिरला ग्रुप की इकाई अमेलिया कोल माइनिंग लिमिटेड (एसीएमएल) और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। फर्स्ट एड सेंटर परिसर में आयोजित शिविर में कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 101 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और रिबन कटिंग के साथ हुआ। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर.डी. द्विवेदी ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

शिविर में कुल 155 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, वजन और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के बाद 101 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

शिविर के संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम में डॉ. एन.के. जैन, हरिशंकर गुप्ता, जयप्रकाश दुबे, शिवानी सिंह, सूरज प्रकाश सेन, रेशमा और रामकली शामिल रहे। एसीएमएल की ओर से हेड माइनिंग सर्विसेज दीपेश भाटिया, प्रोजेक्ट हेड संजीत आध्या और एचआर हेड विश्लेष नागर के मार्गदर्शन में आयोजन किया गया।

समापन पर सभी रक्तदाताओं को स्मृति-चिह्न, ड्राई फ्रूट्स और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। एचआर विभाग ने रक्तदाताओं, रेड क्रॉस टीम, प्रबंधन और आयोजन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Author

Related Articles

Back to top button