जन विश्वास अभियान शिविर में पहुंचे कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिन्दूल का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों से किया संवाद, नीट एवं आईआईटी कोचिंग का नियमित लाभ लेने के लिए किया प्रेरित

सिंगरौली। जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में शामिल होने ग्राम पंचायत बिन्दूल पहुंचे कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिन्दूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नीट एवं आईआईटी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित कोचिंग कक्षाओं में नियमित उपस्थिति दर्ज कराते हुए उनका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय एवं अटल टिंकरिंग लैब का अवलोकन किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सीखने के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी सुविधाओं का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।













