कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र बिंदूल का किया निरीक्षण, किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
डिजिटल स्व-मूल्यांकन के तहत पीसीएसएपी पोर्टल के मानकों का पालन करें, सभी उपार्जन केंद्र की हो लेवल-4 या अधिक की श्रेणी

सिंगरौली, । जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत बिंदूल में आयोजित शिविर में शामिल होने पहुंचे कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने धान उपार्जन केंद्र बिंदूल का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि धान खरीदी अवधि के दौरान किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान पर बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उपार्जन केंद्र पहुंचने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि केंद्र परिसर में धान लेकर आने वाले वाहनों की आवाजाही एवं उपज उतारने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे। किसानों की उपज की तौल समय पर हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में तौल कांटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही धान की पैकिंग एवं भंडारण के लिए पर्याप्त बारदाने उपलब्ध रखें, ताकि खरीदी कार्य बाधित न हो। उन्होंने धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच के लिए मॉइस्चर मीटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा तौल उपकरणों का नियमित परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रों में डिजिटल स्व-मूल्यांकन के लिए पीसीएसएपी पोर्टल के अनुसार निर्धारित सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक खरीदी केंद्र निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार हो तथा कोई भी केंद्र लेवल-4 श्रेणी से नीचे न रहे। इसके लिए केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों को समयसीमा में दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन केंद्र पर धान विक्रय के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी श्री नंदन तिवारी एवं उपायुक्त सहकारिता श्री पी.के. मिश्रा उपस्थित रहे।













