बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जन विश्वास अभियान शिविर में पहुंचे कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माड़ा का किया निरीक्षण

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने एवं प्रसव उपरांत महिलाओं की काउंसलिंग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण पर दिया विशेष जोर
आयुर्वेद वार्ड को नवीन भवन में शिफ्ट करने तथा आयुर्वेदिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सिंगरौली। जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में शामिल होने पहुंचे कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माड़ा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, प्रसव केंद्र, पैथोलॉजी लैब एवं आयुर्वेद वार्ड का अवलोकन करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने एएनसी पंजीयन, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच तथा टीकाकरण सत्रों के आयोजन की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही दवाओं के स्टॉक एवं उनकी उपलब्धता की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री अस्थाना ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रसव केंद्र में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। प्रसव के बाद महिलाओं को आवश्यक काउंसलिंग प्रदान की जाए तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं नवजात शिशु की देखभाल के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीयन एवं निर्धारित अवधि में स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

आयुर्वेद वार्ड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां मरीजों के लिए आयुर्वेदिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आयुर्वेद वार्ड को नवीन भवन में शिफ्ट कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ पुष्पराज सिंह उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button