मध्य प्रदेशसिंगरौली

मॉडल सड़क की दुर्दशा, मरम्मत का काम फाइलों में फंसा

सिंगरौली: सिंगरौली शहर की प्रमुख मॉडल सड़क, जो माजन मोड़ से नवजीवन बिहार तक जाती है, अब खस्ताहाल हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण दो महीने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेज बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी बिगड़ गई है, और अब वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

कई बार यह मुद्दा प्रशासन के ध्यान में लाया गया, लेकिन सड़क मरम्मत कार्य की प्रक्रिया फाइलों में फंसी हुई है। नगर निगम के टेबलों पर टेंडर की फाइल घूम रही है, लेकिन मरम्मत का कार्य शुरू होने का नाम नहीं ले रहा है। सड़कों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग नगर निगम और अधिकारियों को कोसते नजर आ रहे हैं।
डेढ़ महीने पहले सिंगरौली में प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया था। उन्होंने कलेक्टर और आयुक्त को सख्त निर्देश दिए थे कि शीघ्र सड़कों की मरम्मत की जाए, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, सड़कों के मरम्मत के लिए प्रस्ताव 31 दिसंबर से मेयर के पास स्वीकृति के लिए लंबित है। बताया जा रहा है कि सड़क मरम्मत का कार्य लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है, और इसी कारण फाइल मेयर के पास रुकी हुई है। नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने भी इस पर जानकारी दी और कहा कि मेयर से स्वीकृति मिलने के बाद ही कार्य शुरू होगा। इस मामले में कई तरह की चर्चा हो रही है, जिनमें एक यह भी है कि मेयर जानबूझकर भाजपा सरकार की किरकिरी करवा रही हैं।

स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि सड़कों की स्थिति में सुधार हो सके और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button