ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कटनी में 10 लाख रुपये से भरा एटीएम उखाड़ ले गए चोर

कटनी  – कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम से चोरों ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लगभग 2:30 बजे एटीएम मशीन को उखाड़कर ले जाने की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की नकदी होने का अनुमान जताया जा रहा है।चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे डालकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद उन्होंने एटीएम को काटकर एक पिकअप वाहन में लोड किया और फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है।

 

कटनी पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह जानकारी मिली है कि चोर एटीएम मशीन को लेकर जबलपुर की ओर भागे हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने कहा, “हमने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है और इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एटीएम चोरी की शिकायत अभी तक बैंक द्वारा दर्ज नहीं की गई है, लेकिन हम अपनी तफ्तीश जारी रखेंगे।”

 

यह घटना इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि एटीएम चोरों ने पुलिस थाने के पास वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में विशेष टीमों का गठन किया है और जल्द ही चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button