सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बैढ़न में की जनसुनवाई, आम जनता ने रखी विभिन्न समस्याएं

सिंगरौली। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत बैढ़न स्थित सांसद कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान सिंगरौली, देवसर, चितरंगी और माड़ा क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं के साथ पहुंचे।
जनसुनवाई में प्रभारी अपर कलेक्टर संजीव कुमार पांडे, नगर निगम के अधीक्षण यंत्री संतोष पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर शाह, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे और सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा सहित कई अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने बिजली, पानी, शिक्षा, सड़क, मुआवजा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। टुसा खाड़ गांव से आई सोनमती शाह ने बताया कि उनके पति की सड़क हादसे में मृत्यु हो चुकी है, लेकिन कलेक्टर जनसुनवाई में कई बार आवेदन देने के बावजूद उन्हें कोई सहायता नहीं मिली। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों की फीस जमा न होने के कारण स्कूल प्रबंधन उन्हें बाहर करने की धमकी दे रहा है। इसके अलावा, सोनमती शाह ने शिकायत की कि उनकी भूमि एनटीपीसी द्वारा अधिगृहित कर ली गई है, लेकिन परिवार के किसी सदस्य को अब तक नौकरी नहीं मिली।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने महिला की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा सत्र समाप्त होते ही वे सिंगरौली पहुंचे हैं और जनता की समस्याओं का निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।













