शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में एनएसएस साप्ताहिक कार्यक्रम का शुभारंभ

सिंगरौली-शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के साप्ताहिक विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ 12 दिसंबर 2025 को किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ। पहले दिन स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम रजमिलान के सामुदायिक भवन की साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने भवन परिसर, आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. संजय सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। उन्होंने बताया कि एनएसएस का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक चेतना और सेवा भावना विकसित करना है, ताकि वे समाज और देश के विकास में योगदान दे सकें।
ग्रामीणों ने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। साप्ताहिक विशेष कार्यक्रम के तहत आने वाले दिनों में विभिन्न सामाजिक और जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।













