Blogबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कपूर त्रिपाठी को मोरवा, अनिल पटेल को नवानगर थाने की कमान

चार दिन बाद खत्म हुआ, देर रात हुआ पदभार ग्रहण

सिंगरौली :

मोरवा थाना प्रभारी को लेकर पिछले चार दिनों से चल रहा सस्पेंस आखिरकार सोमवार देर रात समाप्त हो गया। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नवानगर थाना प्रभारी निरीक्षक कपूर त्रिपाठी को मोरवा थाने की कमान सौंप दी है। वहीं नवानगर थाने की जिम्मेदारी अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल को दी गई है। दोनों निरीक्षकों ने देर रात अपने-अपने थानों में पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया।

 

गौरतलब है कि बीते दिनों मोरवा थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह के पुलिस मुख्यालय स्थानांतरण के बाद से मोरवा थाना निरीक्षक विहीन चल रहा था। जिले के सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण थानों में शुमार मोरवा को लेकर पुलिस महकमे में जबरदस्त खींचतान देखने को मिल रही थी। कई टीआई इस कुर्सी को पाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाते नजर आए, जिससे चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

 

आखिरकार पुलिस अधीक्षक ने देर रात आदेश जारी कर स्थिति को स्पष्ट कर दिया और अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया। आदेश के साथ ही दोनों निरीक्षकों ने बिना समय गंवाए पदभार संभाल लिया, जिससे थाना क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट आई है।

 

उल्लेखनीय है कि निरीक्षक कपूर त्रिपाठी फरवरी 2025 में मोरवा थाना प्रभारी रह चुके हैं, इसके बाद उन्हें नवानगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब एक बार फिर उनकी मोरवा थाने में वापसी को अनुभव और प्रशासनिक संतुलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वहीं निरीक्षक अनिल कुमार पटेल को नवानगर जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र की कमान सौंपे जाने से पुलिस महकमे में नई ऊर्जा की उम्मीद जताई जा रही है।

मोरवा और नवानगर दोनों थाना क्षेत्रों में अब नए प्रभारी से कानून-व्यवस्था को और अधिक सख्त व प्रभावी बनाने की अपेक्षा की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button