कोलंबिया में विमान हादसा, सांसद समेत 15 लोगों की मौत

कोलंबिया से बुधवार को एक दर्दनाक विमान दुर्घटना की खबर सामने आई। वेनेजुएला सीमा के पास उत्तर संतांदर प्रांत के दुर्गम पहाड़ी इलाके में हुए इस हादसे में एक सांसद और चुनावी उम्मीदवार सहित कुल 15 लोगों की मौत हो गई। विमान कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन सटेना का था, जो कुकुटा शहर से ओकाणा के लिए रवाना हुआ था।
विमानन अधिकारियों के अनुसार, ट्विन इंजन प्रोपेलर विमान ने उड़ान भरने के करीब 12 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क खो दिया। इसके बाद वायुसेना और राहत एजेंसियों द्वारा व्यापक खोज अभियान चलाया गया। कई घंटों की तलाश के बाद प्लाया डी बेलन के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्र में विमान का मलबा बरामद किया गया। राहत दल के पहुंचने तक विमान में सवार सभी लोगों की मृत्यु हो चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वालों में 36 वर्षीय सांसद डायोजनीज क्विंटरो शामिल थे, जो कटाटुम्बो क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। उनके साथ आगामी चुनाव के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो की भी मृत्यु हो गई। यह क्षेत्र लंबे समय से संघर्ष प्रभावित और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के लिए जाना जाता है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम और पहाड़ी भू-भाग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने घटना पर गहरा शोक जताया है। विमानन एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं।













