गिनी में कचरे का पहाड़ बना मौत का मंजर, ढहने से 30 लोगों की मौत; एक ही परिवार के 5 बच्चों ने गंवाई जान

कोनाक्री। पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में भारी बारिश के बीच कचरे का विशाल ढेर ढहने से बड़ा हादसा हो गया। ग्बेसिया इलाके में तड़के करीब दो बजे हुए हादसे में झुग्गियों और टेंट में रह रहे लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक 30 लोगों की मौत हुई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल और 16 अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद बचाव दल भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटा है। घटना ने स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक परिवार के पांच बच्चों की मौत
हादसे में सिरे डियालो नाम की महिला के पांच बच्चों की मौत हो गई। परिवार के लिए यह हादसा गहरे सदमे में बदल गया है। घटनास्थल पर तबाही का मंजर देखकर लोगों में दहशत का माहौल है।
एक सप्ताह पहले बनी थी लैंडफिल हटाने की योजना
बताया जा रहा है कि सरकार ने हादसे से करीब एक सप्ताह पहले ही लैंडफिल को बंद कर कचरे को शहर से दूर ले जाने की योजना बनाई थी। हालांकि, योजना पर अमल से पहले ही लगातार बारिश के कारण कचरे का पहाड़ ढह गया।
गिनी प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध देश है, लेकिन गरीबी और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण बड़ी आबादी असुरक्षित इलाकों में रहने को मजबूर है। हादसे ने सुरक्षित आवास और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













