नागपुर में क्लोरीन गैस लीक से मची अफरातफरी, 40 लोग अस्पताल में भर्ती; 150 परिवारों को कराया गया सुरक्षित

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में गोधनी नगर पंचायत क्षेत्र में पानी शुद्धिकरण परियोजना के दौरान क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गैस के संपर्क में आने से करीब 35 से 40 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि गैस रिसाव के बाद प्रोजेक्ट में काम कर रहे 8 से 10 कर्मचारियों और आसपास रहने वाले 20 से 25 लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इनमें से 4-5 लोगों को आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य का सामान्य वार्ड में उपचार चल रहा है। इलाज के बाद 12 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर करीब 125 से 150 परिवारों को प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। स्थिति पर नियंत्रण के लिए एनडीआरएफ, नगर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों द्वारा गैस रिसाव के कारणों और स्थिति की निगरानी की जा रही है।













