पमरे के कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर बड़ा रेल हादसा टला, मालगाड़ी अनियंत्रित होने से हड़कंप

जबलपुर-पमरे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर शुक्रवार, 9 जनवरी को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सिंगरौली से कटनी (एनकेजे) आ रही कोयला लदी मालगाड़ी मड़वासग्राम स्टेशन के पास अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई।
गाड़ी के पीछे लुढ़कने की वजह से स्टेशन के पास अफरातफरी का माहौल बन गया। मालगाड़ी के कुल 56 वैगन थे और ढलान की वजह से गाड़ी करीब 300 मीटर पीछे लुढ़क गई। हालांकि, चालक और गार्ड की सूझबूझ से गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका गया और गिट्टी रखकर उसे रोकने की कोशिश की गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान रेल लाइन का प्वाइंट टूट गया, लेकिन डिरेलमेंट का खतरा टल गया।
ब्रेक फेल और चालक की सूझबूझ
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मालगाड़ी को मड़वासग्राम स्टेशन पर लोको पायलट ने रोका था, लेकिन कुछ दूर बाद ही ढलान के कारण गाड़ी पीछे की ओर लुढ़कने लगी। चालक और गार्ड ने स्थिति को संभालते हुए बार-बार ब्रेक लगाए और लाइन पर गिट्टी रखकर गाड़ी को रोका, जिससे संभावित डिरेलमेंट को रोका गया। यदि गाड़ी और अधिक पीछे लुढ़कती, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, खासकर यदि पीछे कोई यात्री ट्रेन होती।
अफसरों की जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेल मंडल द्वारा जांच कमेटी गठित की गई है। सीनियर डीएसओ अमित साहनी और सीनियर डीओएम अजय शुक्ला मड़वासग्राम पहुंचे और मौके पर जांच शुरू की। बताया गया है कि इंजन संख्या 27192 (खडगपुर शेड) के ब्रेक सिस्टम की जांच की जाएगी, साथ ही मालगाड़ी के वैगनों की विशेष जांच भी की जा रही है।
राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। रेलवे विभाग अब इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।













