देश विदेशबड़ी खबरमध्य प्रदेश

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, डम्पर से टकराई कार; तीन दोस्तों की मौत, तीन गंभीर

 

विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मेलुआ चौराहे के पास हुआ, जब जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे युवकों की कार सड़क किनारे खड़े एक डम्पर से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार कुरवाई निवासी तन्मय शर्मा का जन्मदिन था। वह अपने पांच दोस्तों के साथ मेलुआ चौराहे के पास स्थित शिवशंकर ढाबे पर पार्टी मनाने गया था। रात करीब डेढ़ बजे सभी दोस्त कार से कुरवाई लौट रहे थे, तभी मेलुआ चौराहे के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डम्पर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा डम्पर में बुरी तरह फंस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे में 21 वर्षीय अंकित साहू, 19 वर्षीय तन्मय शर्मा और 30 वर्षीय जगदीश साहू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि जगदीश साहू कार चला रहा था, जबकि अंकित आगे की सीट पर और तन्मय बीच की सीट पर बैठा था।

वहीं जगदीश गोंड, मोंटी अहिरवार और तन्मय श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले कुरवाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और डम्पर के सड़क किनारे खड़े होने की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button