मकर संक्रांति पर दिल्ली को बड़ी सौगात, 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन

नई दिल्ली। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के लोगों को बड़ी स्वास्थ्य सौगात देते हुए 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही दिल्ली में अब इन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 319 हो गई है।
उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों के शुरू होने से दिल्लीवासियों को उनके घर के पास बेहतर, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले 238 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहले से संचालित थे और अब 81 नए केंद्र जुड़ने से प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केंद्र बड़े अस्पतालों पर बढ़ते दबाव को कम करेंगे और आम नागरिकों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य पूरे शहर में 1,100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने का है।
इस मौके पर भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि मालवीय नगर व भीम नगर क्षेत्र में यह आठवां आरोग्य मंदिर है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि हर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मुफ्त डॉक्टर परामर्श, दवाइयां, जांच, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, डायबिटीज व बीपी की जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, योग और पोषण परामर्श जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि 13 जनवरी 2026 तक दिल्ली में 6.91 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं और 189 सूचीबद्ध अस्पतालों में जरूरतमंदों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है।













