मध्य प्रदेशसिंगरौली

बलियरी में फ्लाई ऐश लोड बल्कर पलटा, घर की दीवार ध्वस्त

सिंगरौली- जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियरी इलाके में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एनटीपीसी के फ्लाई ऐश डैम से राखड़ (फ्लाई ऐश) लेकर जा रहा एक बल्कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार से टकराते हुए पलट गया। सौभाग्यवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना बलियरी क्षेत्र की उस सड़क पर हुई, जो पहले से ही बेहद संकरी बताई जा रही है। देर रात होने के कारण उस समय सड़क पर आवागमन कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बुधवार को इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे भारी भरकम बल्कर सड़क से फिसलकर सीधे दीवार से टकराया और उसे तोड़ते हुए पलट गया।

स्थानीय निवासी जमुना वैद्य ने बताया कि बलियरी मार्ग से एनटीपीसी के फ्लाई ऐश डैम से भारी ट्रक और बल्कर लगातार गुजरते हैं, जबकि सड़क की चौड़ाई इतनी नहीं है कि इस तरह के भारी वाहनों की आवाजाही सुरक्षित मानी जा सके। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए या सड़क का चौड़ीकरण किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button