सहारनपुर में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के पांच लोगों के शव कमरे में मिले, गोली लगने से मौत

सहारनपुर।उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव उनके घर के एक कमरे में मिले। मृतकों में पति, पत्नी, बुजुर्ग मां और दो नाबालिग बेटे शामिल हैं। सभी को गोली लगने के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नकुड़ तहसील में अमीन पद पर तैनात अशोक (40), उनकी पत्नी अंजिता (37), मां विद्यावती (70) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) के रूप में हुई है। अशोक और उनकी पत्नी के शव फर्श पर पड़े थे, जबकि मां और दोनों बच्चों के शव बेड पर मिले। कमरे के पास से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब अशोक के बहनोई ने सुबह कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर उन्होंने अपने बेटे को अशोक के घर भेजा। दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो खिड़की से झांककर देखा गया, जहां सभी के शव नजर आए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसएसपी आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और घर को सील कर दिया गया। सभी मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना को पारिवारिक हत्या या आत्महत्या से जोड़कर भी जांच कर रही है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
बताया जा रहा है कि अशोक अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी में आए थे और पिछले पांच महीनों से शाश्वत बिहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों बेटे पढ़ाई कर रहे थे। इस सामूहिक मौत ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।













