दौसा में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, नोएडा के चार लोगों की मौत

जयपुर।राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार सुबह दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। यह हादसा पपर्दा थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 193 के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के नीचे फंस गई और करीब आठ किलोमीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एक्सप्रेसवे बचाव दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
नांगल राजावतान (दौसा) के डीएसपी दीपक मीणा ने बताया कि कार में सवार पांचों लोग उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले थे और उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। मृतकों की पहचान राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) के रूप में हुई है। वहीं, कार के पीछे बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल दौसा में भर्ती कराया गया है।
हरियाणा नंबर की कार लालसोट से दिल्ली की ओर जा रही थी, तभी राहुवास थाना क्षेत्र के अलूदा गांव के पास ट्रक से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक को तुरंत टक्कर का अहसास नहीं हुआ, जिसके चलते कार कुछ दूरी तक ट्रक के नीचे फंसी रही।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।













