शोभापुर पुल के पास नाले में मिला पूर्व पुलिस अधिकारी का शव, हार्ट अटैक की आशंका

जबलपुर, मध्यप्रदेश: शहर के आधारताल थाना क्षेत्र के शोभापुर पुल के पास शुक्रवार सुबह एक पूर्व पुलिस अधिकारी का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त उप निरीक्षक मंगल प्रसाद गोटिया के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, मिल्क स्कीम आधारताल निवासी मंगल प्रसाद गोटिया रोज की तरह आज सुबह करीब 5:30 बजे भ्रमण के लिए निकले थे, लेकिन सुबह निर्धारित समय पर घर न लौटने के बाद उनके परिजनों ने चिंता जताई। बाद में पुलिस ने उन्हें इस दुखद घटना की सूचना दी।
आधारताल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।
हार्ट अटैक की संभावना, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रारंभिक जांच से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक की मौत साइलेंट हार्ट अटैक के कारण हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करते हुए हर एंगल से मामले की तफ्तीश करने का निर्णय लिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही संभव हो पाएगा।
फिलहाल, मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस जांच जारी रखे हुए है।













