कांग्रेस की सोच जहाँ खत्म होती है, वहाँ से हमारा काम शुरू होता है: पीएम मोदी

सिलचर (असम) | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के सिलचर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। ₹24,000 करोड़ की लागत वाले शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन करने के बाद पीएम ने कहा कि आजादी के दशकों बाद तक कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को ‘दिल्ली और दिल’ दोनों से दूर रखा, जबकि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने इसे विकास का केंद्र बना दिया है।
बराक वैली की उपेक्षा पर प्रहार
पीएम मोदी ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि आजादी के समय कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बराक वैली का समुद्र से संपर्क कट गया, जिससे यह क्षेत्र औद्योगिक रूप से पिछड़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस क्षेत्र की ताकत छीन ली और दशकों तक इसके विकास की सुध नहीं ली। पीएम ने कहा, “कांग्रेस वालों के दिमाग का ताला जहाँ बंद होता है, वहाँ से हमारा काम शुरू होता है।”
कनेक्टिविटी और विकास का नया युग
प्रधानमंत्री ने बताया कि यह नया कॉरिडोर पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों लंबे इंतजार को खत्म करेगा और सिलचर को मिजोरम, मणिपुर व त्रिपुरा से सीधे जोड़ेगा। उन्होंने भाजपा के विज़न को स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस जिन्हें ‘देश के अंतिम गांव’ मानती थी, भाजपा उन्हें ‘देश का पहला गांव’ मानती है। इसी सोच के साथ ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के जरिए सीमावर्ती क्षेत्रों का कायाकल्प किया जा रहा है।
युवाओं और किसानों को सौगात
किसानों के मुद्दे पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस के समय असम से प्रधानमंत्री होने के बावजूद किसानों को सीधा लाभ नहीं मिला, जबकि वर्तमान सरकार निरंतर किसान सम्मान निधि पहुँचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असम के युवाओं को हिंसा और ‘फूट डालो-राज करो’ की नीति में उलझाया, लेकिन आज यहाँ के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान है।













