नवरात्रि में सिंगरौली में भक्ति और जागरूकता का संगम: दुर्गा चालीसा अखंड पाठ का समापन आज, नशामुक्ति रैली भी निकलेगी

बरगवां। नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर सिंगरौली जिले के बरगवां तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ोखर में शनिवार से प्रारंभ हुआ 24 घंटे का श्री दुर्गा चालीसा अखंड पाठ आज 22 मार्च 2026 को भव्य समापन की ओर अग्रसर है। नवरात्रि के पावन दिनों में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का सृजन कर रहा है, जहां श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन नजर आ रहे हैं। यह धार्मिक आयोजन भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जन भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम की समापन बेला पर भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष संध्या दीदी जी एवं संगठन के केंद्रीय मुख्य सचिव मा. आशीष शुक्ला (राजू भैया जी) का विशेष आगमन होगा, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ेगी। इसी क्रम में आज 22 मार्च 2026 को सुबह 10:00 बजे नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने हेतु एक भव्य नशामुक्ति जनजागरण सद्भावना रैली भी निकाली जाएगी।
यह रैली बरगवां गेट नंबर 1 से प्रारंभ होकर थाना मार्ग होते हुए बरगवां मार्केट से ओवरब्रिज तक निकलेगी, जिसमें युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार नवरात्रि के इस पावन पर्व पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज में नशामुक्ति, सद्भावना और नैतिक मूल्यों को स्थापित करने का एक सशक्त प्रयास है। सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।












