
ढाका/कोमिला। बांग्लादेश के कोमिला (कुमिला) जिले में रविवार (22 मार्च) की अलसुबह एक बड़ा और दर्दनाक रेल हादसा हो गया। यहाँ पडुआ बाजार लेवल क्रॉसिंग पर एक तेज रफ्तार मेल ट्रेन और यात्री बस की भीषण टक्कर हो गई। इस भयानक हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे का खौफनाक मंजर
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 2:45 बजे कुमिला सदर दक्षिण उपजिला के पडुआर बाजार लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। ‘मामून स्पेशल’ नामक यह बस चपैनवाबगंज से लक्ष्मीपुर जा रही थी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस ट्रेन के इंजन में बुरी तरह फंस गई और ट्रेन उसे पटरियों पर लगभग आधा से एक किलोमीटर दूर (जंगल्या-कचुआ क्षेत्र की ओर) तक घसीटती हुई ले गई, जिससे बस के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए।
हताहतों का विवरण
कोमिला सदर साउथ पुलिस स्टेशन (ईपीजेड चौकी) के सब-इंस्पेक्टर सैफुल इस्लाम और अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मरने वालों की संख्या 12 पहुंच गई है।
मृतकों में शामिल: 7 पुरुष, 3 महिलाएं और 2 बच्चे।
घायल: हादसे के तुरंत बाद लगभग 18 से 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 8 की हालत गंभीर होने के कारण वे अभी भी भर्ती हैं। फायर सर्विस के अनुसार, 3 शव मौके से ही बरामद कर लिए गए थे, जबकि 9 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बड़ी लापरवाही: गेटमैन नदारद, दो सस्पेंड
शुरुआती जांच में रेलवे की भारी लापरवाही सामने आई है। अधिकारियों और चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के वक्त लेवल क्रॉसिंग पर कोई भी गेटमैन मौजूद नहीं था। घटना को गंभीरता से लेते हुए बांग्लादेश रेलवे के पूर्वी जोन के महाप्रबंधक ने जांच के लिए दो कमेटियां (एक डिवीजनल और एक रीजनल) गठित कर दी हैं। तत्काल प्रभाव से पडुआर बाजार क्रॉसिंग के दो गेटमैन— मेहदी हसन और हेलाल उद्दीन— को निलंबित कर दिया गया है।
यातायात ठप और राहत कार्य
यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए दौड़े। इसके बाद स्थानीय पुलिस, हाईवे पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस भीषण दुर्घटना के कारण ढाका-चटगांव और कुमिला रेलवे स्टेशन के बीच रेल यातायात लगभग तीन घंटे तक पूरी तरह से बाधित रहा।













