जयंत खदान में अवैध वसूली का भंडाफोड़: ‘भाजपा को जाता है पैसा’ कहने वाला आरोपी गिरफ्तार, सत्ताधारी दल पर उठे गंभीर सवाल

सिंगरौली (जयंत)। जिले की एनसीएल (NCL) जयंत परियोजना के कांटा नंबर 4 पर कोयला वाहनों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वसूली का एक वीडियो रविवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वसूली करने वाला शख्स खुलेआम दावा कर रहा है कि यह पैसा सत्ताधारी दल ‘भाजपा’ को जाता है। वीडियो के संज्ञान में आते ही जयंत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो में भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप
वायरल वीडियो ने सिंगरौली के राजनीतिक और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में अवैध वसूली कर रहा युवक बेखौफ होकर यह बोल रहा है कि यह उगाही भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा करवाई जा रही है और वसूली का सारा पैसा भाजपा को ही जाता है। इस बयान के बाद से सत्ताधारी पार्टी स्थानीय स्तर पर विपक्ष और आम जनता के निशाने पर आ गई है।
भाजपा कार्यालय के कर्मचारी का भाई है आरोपी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जयंत के कांटा नंबर 4 पर कोयला वाहनों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली करने वाले इस व्यक्ति का नाम प्रदीप कुशवाहा है। बताया जा रहा है कि प्रदीप का बड़ा भाई, सुनील कुशवाहा, भाजपा के जिला कार्यालय में कार्यरत है। आरोप लग रहे हैं कि इसी राजनीतिक रसूख और संरक्षण के चलते जयंत खदान क्षेत्र में ट्रकों से यह अवैध वसूली बेखौफ तरीके से चल रही थी।
जयंत पुलिस का त्वरित एक्शन
गौरतलब है कि जयंत परियोजना के कांटा नंबर 4 पर ट्रकों से वसूली की शिकायतें नई नहीं हैं। पूर्व में भी पुलिस ने यहाँ सक्रिय वसूलीबाजों पर कार्रवाई की थी। रविवार सुबह जैसे ही प्रदीप कुशवाहा का यह वीडियो वायरल हुआ, जयंत पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उसे धर दबोचा।
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी प्रदीप कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध वसूली के सिंडिकेट के पीछे असल में किन-किन सफेदपोशों और जिम्मेदार लोगों का हाथ है।












