ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पिडरवाह जंगल में मिले महिला के शव की गुत्थी सुलझी: दूसरी पत्नी के लिए पति ने ही की थी पहली पत्नी की गला घोंटकर हत्या, गिरफ्तार

बरगवां (सिंगरौली)। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत पिडरवाह (चितरवई) के जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला का कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका अपना पति ही निकला। दूसरी पत्नी को लेकर हुए विवाद और पहली पत्नी द्वारा साथ रहने के दबाव से तंग आकर आरोपी पति ने खौफनाक साजिश रची और उसे जंगल में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ओपीडी पर्ची से हुई मृतका की शिनाख्त
बरगवां पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि पिडरवाह चितरवई जंगल में एक महिला का 6-7 दिन पुराना सड़ा-गला शव पड़ा है। शव का सिर महरून रंग के दुपट्टे से ढका हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। शव के पास मिले एक झोले में कपड़े, मोबाइल का खाली डिब्बा और जिला अस्पताल बैढ़न की एक ओपीडी पर्ची मिली। इसी पर्ची पर लिखे नाम के आधार पर मृतका के परिजनों से संपर्क कर शव की शिनाख्त की गई। शव बुरी तरह डिकम्पोज हो चुका था, जिसके चलते पोस्टमार्टम के लिए उसे एसजीएमएच (SGMH) रीवा रेफर किया गया।

दूसरी शादी बनी हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन व एसडीओपी सिंगरौली गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां मो. समीर ने मामले की विवेचना शुरू की। जांच, सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयानों से शक की सुई मृतका के पति जहरूद्दीन अंसारी (32 वर्ष) निवासी चिनगी टोला पर गई।

पूछताछ में पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी जहरूद्दीन टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि करीब 2 साल पहले उसने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद से उसकी पहली पत्नी (मृतका) से आए दिन विवाद होता था। विवाद से बचने के लिए उसने पहली पत्नी को माजन मोड़ (बैढ़न) में किराये के कमरे में रखा था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से मृतका अपने पति के साथ उसके घर (चिनगी टोला) में रहने का भारी दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।

यूं दिया वारदात को अंजाम
आरोपी ने बताया कि 13 मार्च 2026 की शाम वह मृतका को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बैढ़न से परसौना, गदसा, पिपराझापी होते हुए चितरवई पिडरवाह के घने जंगल में ले गया। वहां उसने गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने मृतका का सामान वहीं छोड़ दिया और उसका मोबाइल ले जाकर काचन डैम (गदसा नहर) में फेंक दिया। परिजनों के पूछने पर वह झूठ बोलता रहा कि वह बिना बताए कहीं चली गई है।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी जहरूद्दीन की निशानदेही पर घटनास्थल से नमकीन का पैकेट, दुपट्टा, पानी की बोतल और उसके घर से मृतका का मोबाइल व घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(A) के तहत मामला दर्ज कर शनिवार (21 मार्च 2026) को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल पचौर भेज दिया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक मो. समीर, एएसआई वीरेन्द्र त्रिपाठी, श्याम बिहारी द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, विपिन तोमर, नन्दकिशोर बागरी, फूल सिंह, आरक्षक अरविन्द यादव, चन्द्रकेश यादव और अरूणेन्द्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button