ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

वैढ़न में पुलिस का सख्त एक्शन, सड़कों और फुटपाथ से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

वैढ़न, सिंगरौली सिंगरौली जिले के वैढ़न इलाके में शनिवार शाम को कोतवाली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य सड़कों, बस स्टैंड और काली मंदिर मार्ग पर जमे अवैध अतिक्रमण को सख्ती से हटाया।

पुलिस की टीम ने थाना रोड, बस स्टैंड और काली मंदिर रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अचानक गश्त और चेकिंग शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से सड़क घेरकर खड़े दुकानदारों और संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान में 24 से अधिक पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

वैढ़न बस स्टैंड और काली मंदिर मार्ग पर लंबे समय से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी। यहाँ से रीवा, सतना, सीधी के अलावा छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के लिए भी बसें संचालित होती हैं। सब्जी मंडी के पास दुकानदारों और ठेला चलाने वालों ने अव्यवस्थित ढंग से सड़कों को घेर रखा था, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

अभियान के दौरान पुलिस ने फुटपाथ और सड़कों पर दुकान सजाने वालों को कड़ी हिदायत दी। जो ठेले और दुकानें रास्ते में रुकावट पैदा कर रही थीं, उन्हें तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। पुलिस की इस सक्रियता के बाद सड़कें काफी हद तक साफ और चौड़ी नजर आने लगीं।

वैढ़न थाने के एसआई (SI) उदय करिहार ने बताया कि शहर की कानून व्यवस्था दुरुस्त रखना और ट्रैफिक को पटरी पर लाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि:”बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि आम जनता को जाम से स्थायी निजात मिल सके और पुलिस पर लोगों का भरोसा बढ़े।”

Author

Related Articles

Back to top button