बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

खेत के गड्ढे ने ली दो मासूमों की जान

खेलते-खेलते पानी में डूबे सगे भाई, गांव में पसरा मातम

सिवनी। मेहरा खापा ग्राम पंचायत के रिंझाई टोला में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। खेत में बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई।हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 8 वर्षीय कृष्णा मर्सकोले और 5 वर्षीय कायरव मर्सकोले के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे और घर के पास खेलते-खेलते हादसे का शिकार हो गए।

परिजनों के अनुसार, बच्चे घर के समीप खेत में खेल रहे थे। इसी दौरान वे वहां बने पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए और अचानक उसमें गिर गए। जब तक परिजनों को घटना की जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी।परिजनों ने तत्काल दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी डूबने से मौत हो चुकी थी। बच्चों के मृत घोषित होते ही परिवार में कोहराम मच गया।एक ही परिवार के दो मासूमों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में खुले गड्ढों और असुरक्षित जल स्रोतों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां सुरक्षा इंतजामों के अभाव में इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

Author

Related Articles

Back to top button