मदनमहल में खौफनाक वारदात: 17 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या
5 बाइकों से आए बदमाशों ने घेरकर किया हमला, इलाके में दहशत

जबलपुर। मदनमहल चौक स्थित गढ़ा थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। करीब डेढ़ बजे 17 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।मृतक की पहचान ऋषभ राजपूत निवासी सिद्धबाबा बस्ती, लाल माटी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
घेरकर बरसाए ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऋषभ बाइक से छोटी लाइन से मेडिकल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मदनमहल क्षेत्र में एक अस्पताल के पास पहुंचा, तभी 5 बाइकों पर सवार 8 से 10 बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने बिना किसी विवाद के उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।
हमलावरों ने युवक को चारों ओर से घेरकर सीने और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक और युवक घायल, भूमिका संदिग्ध
घटना के कुछ समय बाद एक 20 वर्षीय युवक घायल अवस्था में थाने पहुंचा, जिसे चाकू लगा हुआ था। उसे भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि वह मृतक का साथी है या इस वारदात में शामिल आरोपियों में से एक।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम, जिसमें आशीष जैन भी शामिल हैं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













