भीषण गर्मी में राहत: रेडक्रॉस सिंगरौली द्वारा निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ*

सिंगरौली- भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए इंडियन रेडक्रास सोसाइटी सिंगरौली द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय के पास निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
यह प्याऊ रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली के सौजन्य से जन प्रयास फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिससे आम राहगीरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
प्याऊ का उद्घाटन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एस डी सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस संस्था सदैव निस्वार्थ भाव से मानव सेवा के लिए कार्यरत रही है और भीषण गर्मी में लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना अत्यंत पुण्य कार्य है।
इस पहल के माध्यम से आमजन को मिट्टी के मटकों का स्वच्छ एवं शीतल जल, गुड़ एवं बताशा के साथ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें गर्मी में राहत मिल सकेगी।
उक्त कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ ओ पी राय, प्रबंध समिति सदस्य सी.ए. मनोरमा शाहवाल, राजाराम केशरी, आजीवन सदस्य अमित द्विवेदी सहित जन प्रयास फाउंडेशन के अध्यक्ष शिवेंद्र पाण्डेय, सचिव अमरदीप भारूका, सत्येंद्र पांडे, रौनक भारुका एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस प्रकार की पहल से समाज में सेवा, सहयोग और जनहित की भावना को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।













