छिंदवाड़ा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत, 3 गंभीर

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर सिंगोड़ी लौट रही कार (MP13-AJ-4859) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति ने छिंदवाड़ा के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
तीन घायलों की हालत नाजुक
कार में सवार तीन अन्य लोग हादसे में बुरी तरह घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छिंदवाड़ा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
नींद का झोंका बना वजह
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, तड़के का समय होने के कारण चालक को नींद का झोंका आना या वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।













