प्रयागराज में जबलपुर पुलिस की गाड़ी हादसे का शिकार, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जबलपुर। प्रयागराज में सोमवार सुबह जबलपुर पुलिस की एक गाड़ी ओवरब्रिज पर हादसे का शिकार हो गई। चलती गाड़ी का पिछला पहिया अचानक निकल गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी और एक नाबालिग बच्ची पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 9 बजे की है। जैसे ही गाड़ी ओवरब्रिज पर पहुंची, ड्राइवर साइड का पिछला पहिया अचानक निकल गया। चालक ने तुरंत नियंत्रण रखते हुए ब्रेक लगाया और गाड़ी को सुरक्षित रोक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि वाहन कुछ फीट और आगे बढ़ता तो वह ओवरब्रिज से नीचे गिर सकता था।
बिहार से बच्ची को लेकर लौट रही थी टीम
बताया जा रहा है कि जबलपुर के लार्डगंज थाना में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बच्ची बिहार में रिश्तेदार के यहां है। इसके बाद एएसआई राजेश वर्मा, महिला आरक्षक सरिता ठाकुर और चालक उमेश यादव की टीम करीब 800 किलोमीटर का सफर तय कर बिहार पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद किया।
पुलिस टीम बच्ची को लेकर रविवार देर रात जबलपुर के लिए रवाना हुई थी। वापसी के दौरान प्रयागराज में यह हादसा हो गया। गाड़ी में दो पुलिसकर्मी, चालक और नाबालिग बच्ची सवार थे।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।













