नर्मदापुरम: टवेरा-ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण टक्कर, 5 की मौत, 7 घायल

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पिपरिया-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टवेरा कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, टवेरा सवार लोग बुदनी में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आंचलखेड़ा के पास क्रॉसिंग पर उनकी कार अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घायलों की हालत गंभीर
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी और माखननगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान
हादसे में हरि सिंह (57), विनीत यादव (22), साहिल यादव (19), शुभम मोरप्पा (18) और संतोष प्रजापति की मौत हुई है।
टक्कर के बाद बिखरे वाहन के पुर्जे
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले टायर कई फीट दूर खेत में जा गिरे, जबकि टवेरा के पुर्जे सड़क पर बिखर गए। वाहन की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही माखननगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













