कोरसर कोठार में खौफनाक वारदात: नाती ने लाठी से पीटकर 80 वर्षीय बाबा की हत्या

सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही 80 वर्षीय बाबा की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रजई कोल के रूप में हुई है। आरोपी ओमप्रकाश कोल (30), पिता स्वर्गीय संतोष कोल, ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब घर में दोनों ही मौजूद थे। अन्य परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है। वह पहले भी कई बार असामान्य व्यवहार कर चुका था और लोगों पर हमला करने की कोशिश कर चुका था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने यह घातक कदम उठाया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौके पर उप निरीक्षक आर.के. वर्मा, सहायक उप निरीक्षक सतीश दीक्षित, आरक्षक जितेंद्र तिवारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।













