मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल में ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 2.0’ की शुरुआत, विद्यार्थियों को सिखाए जाएंगे जीवन रक्षक कौशल

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 2.0’ का शुभारंभ किया है। इस पहल के तहत अब गृहिणियों के साथ-साथ एनसीएल पोषित स्कूलों के विद्यार्थियों को भी प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में 10 विद्यालयों के करीब 3200 छात्रों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें डीएवी स्कूलों के विभिन्न प्रोजेक्ट, डीपीएस निगाही और केंद्रीय विद्यालय (सीडब्ल्यूएस जयंत एवं सिंगरौली) शामिल हैं। प्रशिक्षण विशेष रूप से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
इस अभियान की शुरुआत खड़िया परियोजना स्थित डीएवी स्कूल से हुई, जहां दो बैचों में 155 विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले व्यावहारिक उपाय सिखाए गए।

पाठ्यक्रम में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन), ट्रॉमा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों को शामिल किया गया है, जिससे विद्यार्थी संकट की स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान कर सकें।
एनसीएल की यह पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 1.0’ के तहत 5900 से अधिक गृहिणियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

Author

Related Articles

Back to top button