जन चौपाल: “आपकी पुलिस आपके द्वार”, सिंगरौली पुलिस की नई पहल
गांव-गांव पहुंचेगी पुलिस, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल रीवा जोन के अंतर्गत एक साथ कई जिलों में लागू की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को शाम 4 बजे से 6 बजे तक रीवा जोन के 6 जिलों के 77 थानों और 64 चौकियों में जन चौपाल आयोजित होगी। वहीं, जिले के 12 थानों और 13 चौकियों में भी एक साथ यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
इस पहल के तहत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही उनके समाधान का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को थाने तक आने की बजाय पुलिस को उनके द्वार तक पहुंचाना है।
जन चौपाल में अवैध नशा और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिला अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराध से बचाव और जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण करने पर जोर रहेगा।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जन चौपाल में शामिल होकर अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के सामने रखें और इस पहल को सफल बनाएं।













