ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में ‘लू’ का येलो अलर्ट: स्वास्थ्य विभाग सतर्क, अस्पतालों में विशेष तैयारी

सिंगरौली (वैढ़न)। सिंगरौली जिले में भीषण गर्मी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गर्म हवाओं और नमी के कारण ‘रियल फील’ 44 से 45 डिग्री तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में ‘लू’ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर की सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अस्पतालों में विशेष तैयारी के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सब सेंटर, पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष बेड आरक्षित करने को कहा है। साथ ही वार्ड में पंखे, कूलर और जहां संभव हो, एसी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। थर्मामीटर, बीपी मशीन और ईसीजी जैसे जरूरी उपकरण भी उपलब्ध रखे जा रहे हैं।

दवाओं का पर्याप्त स्टॉक
इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए ओआरएस पैकेट, आईवी फ्लूइड्स (रिंगर लैक्टेट, नॉर्मल सलाइन) सहित जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार और उल्टी के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध रखी गई हैं।

लू के लक्षणों को न करें नजरअंदाज
विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर का तापमान 104°F तक पहुंचना, त्वचा का लाल और गर्म होना, सिरदर्द, मतली और मांसपेशियों में ऐंठन ‘हीट स्ट्रोक’ के प्रमुख संकेत हैं। गंभीर स्थिति में मरीज बेहोश भी हो सकता है।

बचाव ही सबसे बड़ा उपाय
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि लू से बचाव के लिए दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर ओआरएस या ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करें। किसी भी गंभीर लक्षण पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करने की अपील की गई है।

Author

Related Articles

Back to top button