भीषण गर्मी में बैढ़न बस स्टैंड पर बदहाल इंतजाम, बंद पड़े पंखों से यात्री परेशान
प्रतीक्षालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, नगर निगम की व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली ; बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर इन दिनों अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है। भीषण गर्मी के बीच यात्री प्रतीक्षालय में लगे पंखे बंद पड़े हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह बस स्टैंड मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड से जुड़े यात्रियों के लिए प्रमुख केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। बावजूद इसके, प्रतीक्षालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी साफ नजर आ रही है। यात्रियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जहां उन्हें राहत मिलनी चाहिए, वहीं यहां बैठना भी मुश्किल हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि जहां पंखे बंद हैं, वहीं दिन के समय भी लाइटें जलती नजर आ रही हैं, जो जिम्मेदारों की लापरवाही को दर्शाता है। जानकारी के अनुसार, प्रतीक्षालय के मेंटेनेंस का ठेका कुछ दिन पहले दिया गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।













