महिला आरक्षण पर भाजपा देश को गुमराह करना बंद करे: कांग्रेस
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश पाण्डेय का बयान, आरक्षण लागू करने की उठाई मांग

सिंगरौली-जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के प्रवक्ता अखिलेश कुमार पाण्डेय ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर केवल राजनीति कर रही है और देश को गुमराह कर रही है।
पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि यदि सरकार गंभीर है तो महिला आरक्षण को तत्काल लागू किया जाना चाहिए, न कि केवल घोषणाएं की जाएं। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार का रुख स्पष्ट नहीं रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण के पक्ष में विपक्ष ने समर्थन दिया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि सर्वदलीय बैठक बुलाकर इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जाए और लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाए।कांग्रेस ने इस मुद्दे पर पूर्ण समर्थन देने की बात कहते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है।













