सहायक कलेक्टर ने सासन आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
शत-प्रतिशत टीकाकरण और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सिंगरौली, । जिले में बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा ने विकासखंड वैढ़न अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 सासन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस में उन्होंने केंद्र की विभिन्न गतिविधियों और पंजीयों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) पंजीयन, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की पहचान एवं उनके प्रबंधन की समीक्षा की गई। सहायक कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं और सेवाओं से वंचित न रहे।
सुश्री मिश्रा ने बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए शिशु टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही गंभीर एवं मध्यम कुपोषित (सैम एवं मैम श्रेणी) बच्चों को दी जा रही पोषण सेवाओं और उपचार की भी समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में शत-प्रतिशत पंजीयन और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पुष्पराज सिंह ठाकुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्र तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी बिंदु उइके उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सहायक कलेक्टर को केंद्र के संचालन एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। सुश्री मिश्रा ने केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।













