मध्य प्रदेशसिंगरौली

25 सवारियों से भरी पिकअप जप्त, जियावन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सिंगरौली। सड़क सुरक्षा को लेकर जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 सवारियों को जोखिम में डालकर परिवहन कर रही एक पिकअप वाहन को जप्त किया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के. एम. शियाज के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जियावन उप निरीक्षक शेषनारायण दुबे द्वारा यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक शेषनारायण दुबे पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान देवसर बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक मालवाहक पिकअप वाहन क्रमांक UP64BT5524 तेज रफ्तार और लापरवाही से लहराते हुए आता दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

जांच के दौरान पिकअप के पीछे 25 लोग बैठे मिले, जिन्हें अत्यंत असुरक्षित तरीके से ले जाया जा रहा था। चालक मोनू यादव से वाहन के दस्तावेज, वैध परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध थाना जियावन में अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं मोटर यान अधिनियम की धाराओं 3/181, 66/192A और 177 के तहत कार्रवाई की है। पिकअप वाहन को जप्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर मामले की विवेचना की जा रही है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण द्विवेदी, प्रधान आरक्षक आशीष द्विवेदी, आरक्षक खुम सिंह, आरक्षक बृजेंद्र सिंह सहित थाना जियावन के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button