दहेज उत्पीड़न से तंग विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और ससुर गिरफ्तार
शादी के 14 महीने बाद गई जान, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Greater Noida। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या करने का सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका की पहचान दीपिका पुत्री संजय निवासी ग्राम कुड़ी खेड़ा, थाना बादलपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दीपिका की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी ऋतिक पुत्र मनोज के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में फॉर्च्यूनर कार समेत लगभग एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।
मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से दीपिका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सूचना मिलने पर Uttar Pradesh Police की ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपिका ने कथित रूप से दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर घर की छत से कूदकर जान दी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













