बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य से प्रेरित हुईं महिलाएं, बैस परिवार एकता महासंघ ने मनाया सामाजिक महिला एकता दिवस

महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक एकजुटता का लिया संकल्प; संगठन ने हर वर्ष रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर महिला एकता दिवस मनाने का किया ऐलान

चितरंगी। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर बैस परिवार एकता महासंघ के मुख्यालय कार्यालय चितरंगी में सामाजिक महिला एकता दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी, सामाजिक एकजुटता और महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रमुखता से उभरा। उपस्थित महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई के साहस, संघर्ष और आत्मसम्मान को आदर्श मानते हुए परिवार एवं समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन की महिला प्रमुख एवं कोर कमेटी सदस्य श्रीमती विद्यावती सिंह उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में संगठन के प्रदेश सचिव उमाशंकर सिंह बैस, युवा समाजसेवी लक्ष्मण सिंह बैस, कार्यालय प्रभारी इंद्रभान सिंह, अनीता सिंह एवं व्याख्याता निर्मला सिंह सहित समाज की अनेक महिलाएं शामिल हुईं।

हर महिला में हो झांसी की रानी जैसा साहस और आत्मविश्वास

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान समय में समाज की प्रत्येक महिला को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने की जरूरत है। जीवन में आने वाली चुनौतियों और विषम परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करते हुए आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

महिलाओं ने परिवार और समाज में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने, बेटियों को आगे बढ़ाने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने सामाजिक विकास में महिलाओं की भागीदारी को अनिवार्य बताते हुए एकजुटता पर जोर दिया।

महिला सशक्तिकरण के लिए हर वर्ष होगा विशेष आयोजन : उमाशंकर सिंह बैस

संगठन के प्रदेश सचिव उमाशंकर सिंह बैस ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में यह आयोजन भले ही छोटे स्तर पर शुरू हुआ है, लेकिन समाज के लोगों के सहयोग और सहभागिता से आने वाले वर्षों में इसे व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। संगठन ने निर्णय लिया है कि महिलाओं को सामाजिक रूप से सशक्त, जागरूक और संगठित बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष एक अनिवार्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन हर वर्ष वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर सामाजिक महिला एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा, ताकि महिलाओं को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा पहचानने और सामाजिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिल सके।

संगठन के संकल्प का महिलाओं ने किया स्वागत

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने महासंघ की इस पहल की सराहना करते हुए महिला एकता और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर महिला ही मजबूत परिवार तथा प्रगतिशील समाज की आधारशिला होती है।

इस अवसर पर आरती सिंह बैस, सरस्वती सिंह बैस, इंद्रवती सिंह, निर्मला देवी, सुनीता सिंह, श्रेया बैस, नेहा सिंह, कृतिका सिंह बैस, पंखुड़ी, सुभी, भूमिका सिंह, पीहू, अंकिता सिंह, मीना, परी और राधिका सिंह बैस सहित बड़ी संख्या में सामाजिक महिलाएं तथा नन्हे-मुन्ने बच्चे-बच्चियां मौजूद रहे। सभी की सहभागिता से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और यादगार बना।

Author

Related Articles

Back to top button